Monday, 21 March 2016

रंग की वो फुहार दे होली

रंग की वो फुहार दे होली
सबको खुशियाँ अपार दे होली
द्वेष नफरत हो दिल से छूमन्तर
ऐसा आपस में प्यार दे होली
नफरत की दीवार गिरा दो होली में
उल्फत की रसधार बहा दो होली में
झंकृत कर दे जो सबके ही तन मन को
सरगम की वो तार बजा दो होली में
मन में जो भी मैल बसाये बैठे हैं
उनको अबकी बार जला दो होली में
रंगों की बौछार रंगे केवल तन को
मन को भी इसबार भिगा दो होली में
प्यालों से तो बहुत पिलायी है अब तक
आँखों से इकबार पिला दो होली में
भाईचारा शान्ति अमन हो हर दिल में
ऐसा ये संसार बना दो होली में
बटवारे की जो है खड़ी बुनियादों पर
ऐसी हर दीवार गिरा दो होली में

No comments:

Post a Comment